उरई। झांसी रोड पर एल्ड्रिच स्कूल के पास बनी इंटरलॉकिंग को क्षतिग्रस्त करने पर चार लोगों के खिलाफ नगर पालिकाध्यक्ष के निर्देश पर ईओ ने मुकदमा दर्ज कराया है। ईओ का कहना है कि इनके लोगों ने रास्ता बनाने के लिए पालिका की ओर से डाली गई करीब पचास मीटर इंटरलॉकिंग क्षतिग्रस्त कर दी है।
झांसी रोड पर एल्ड्रिच स्कूल के पहले सैय्यद वाली वाले रास्ते में नगर पालिका ने इंटरलॉकिंग डाली थी। इस इंटरलॉकिंग को कुछ लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। इसकी शिकायत जब पालिका के पास पहुंची तो एसडीएम विकास कश्यप, ईओ संजय कुमार, पालिका के जेई जगदीश प्रसाद, आरआई राकेश कुमार पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे और उन्होंने निर्माण कर रहे लोगों को काम करने से रोका।
इसके बाद पालिका की टीम ने मौके पर देखा तो करीब पचास मीटर इंटरलॉकिंग क्षतिग्रस्त थी। इस पर पिरौना निवासी महेंद्र चौरसिया, पटेलनगर निवासी योगेंद्र व दो अन्य महिलाओं के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पालिका के ईओ संजय कुमार ने बताया कि पालिकाध्यक्ष के निर्देश पर गुरुवार को मुकदमा दर्ज कराया गया है।