उरई। बैंक से पैसे निकालकर आ रहा युवक टप्पेबाज का शिकार बन गया। टप्पेबाज उसकी बाइक के बैग में रखे 45 हजार रुपये लेकर भाग निकला। युवक ने कोतवाली में तहरीर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कपासी निवासी आजाद सिंह और उसका पिता सुल्तान शुक्रवार को बैंक से रुपए निकालने आए थे। आजाद ने भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा से खाते से 45 हजार रुपये निकाले। उसने रुपये पालीथिन में रख लिए और बाहर आकर पॉलीथिन अपनी बाइक के बैग में रख दी। इसके बाद दोनों खरीदारी के लिए शहर के राठ रोड स्थित मार्केट पहुंचे।
इसी दौरान एक टप्पेबाज ने बाइक के बैग में रखे रुपयों की पॉलीथिन पार कर दी। आजाद जब वापस आया तो बैग में रुपए न देखकर उसके होश उड़ गए। उसने आसपास के दुकानदारों से जानकारी ली लेकिन किसी ने कुछ भी पता होने से इंकार कर दिया। आजाद ने पिता के साथ कोतवाली पहुंचकर टप्पेबाजी की तहरीर दी। कोतवाल देवेंद्र द्विवेदी ने बताया कि अनुमान है कि टप्पेबाज बैंक से ही उसके पीछे लग गए थे। इसलिए बैंक में लगे सीसीटीवी के फुटेज देखे जा रहे हैं। जल्द ही टप्पेबाज पकड़े जाएंगे।