कालपी (जालौन)। नगर के सदर बाजार मोहल्ला स्थित जैन मंदिर के ताले तोड़कर चोरों ने दानपात्र में रखी 15 हजार रुपये की नगदी पार कर दी। इसके अलावा जाते समय चोर मंदिर से दो दानपात्र उठा ले गए। मंदिर के पुजारी की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सदर बाजार स्थित जैन मंदिर में चोर शुक्रवार रात मंदिर के गेट के ताले तोड़कर अंदर घुसे और एक दानपत्र का ताला तोडकर उसमें रखे 15 हजार रुपये चुरा ले गए। दो अन्य दानपात्रों के जब ताले तोड़ने में चोर सफल नहीं हुए तो दोनों दानपत्र जाते समय उठा ले गए। सुबह जब पुजारी मंदिर में पूजा अर्चना करने पहुंचा तो उसने दानपात्र टूटा व सामान बिखरा पड़ा देखकर जैन समाज के लोगों को चोरी की जानकारी दी।
मंदिर में चोरी की जानकारी होने पर जैन समाज के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जैन मंदिर के केयर टेकर प्रदीप गांधी ने कोतवाली में मामले की तहरीर दी, जिसमें तोड़े गए दान पात्र से लगभग 15 हजार रुपये व दो दानपात्रों के चोरी होने की बात कही गई है। उन्होंने बताया कि चोर जिन दो दानपात्रों को उठा ले गए हैं, उनमें दो-चार सौ रुपये ही होंगे।