माधौगढ़ (जालौन)। चोरों ने गैर जनपद में तैनात सिपाही के घर में घुसकर बक्से व सूटकेस का लॉक तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया, तभी खटपट की आवाज सुनकर पत्नी व बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया तो पड़ोसी दौड़े। अपने को घिरता देख चोर जीने के रास्ते से आठ हजार रुपये व चांदी की पायलें व कंबल लेकर भाग गए और बक्से में रखे जेवर बच गए। परिजनों की सूचना पर पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल की।
गोहन थाना क्षेत्र के सुरावली गांव निवासी श्याम सिंह कठेरिया ललितपुर जनपद में सिपाही के पद पर यूपी 100 में तैनात हैं। शुक्रवार की देर रात चोर छत के रास्ते घर में घुसे और कमरों में लगे ताले तोड़कर सूटकेस व बक्सों के ताले तोड़ डाले। खटपट की आवाज सुनकर सिपाही की पत्नी ललिता देवी, पुत्र प्रताप, पुत्री गौरा व प्रीति जाग गईं और शोर मचाना शुरू कर दिया।
उनकी आवाज सुनकर पड़ोसी दौड़े तो चोर जीने के रास्ते से भाग गए। चोर घर से 8 हजार रुपये, एक जोड़ी पायल व कंबल चोरी कर ले गए। सिपाही के भाई सोनू ने थाना पुलिस को तहरीर दे दी है। सिपाही की पत्नी ने बताया कि चोरों के हत्थे घर में रखे सोने चांदी के अन्य जेवर नहीं लग पाए। पुलिस चोरों का पता लगाने में जुट गई है।