कदौरा (जालौन)। प्रधान पति व उसके साथी पर पुलिस ने नशेबाजी के आरोप में कार्रवाई की है। प्रधान पति व उसका साथी गुरुवार की रात शादी समारोह में शामिल होने आए थे और नशे की हालत में गाड़ी चला रहे थे। कोतवाल कामता प्रसाद का कहना है कि दो लोगों के खिलाफ शराब पीकर गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया गया है। कोई प्रधान पति है या फिर जन प्रतिनिधि का रिश्तेदार हैं इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
पुलिस ने बताया कि गुरुवार रात हाईवे पर एक स्कार्पियो हूटर बजाते निकल रही थी। शक होने पर पुलिस ने गाड़ी का पीछा किया तो स्कार्पियो सवार वहीं नजदीक ही स्थित गेस्ट हाउस में चल रहे समारोह में शामिल हो गए। पुलिस अभी बाहर उनकी बिना लाक खड़ी गाड़ी की तलाशी ले रही थी कि तभी मुकेश व अमित नाम के दो युवक आए और सिपाहियों से भिड़ गए।
कुछ देर में थाने का फोर्स भी मौके पर पहुंच गया और स्कार्पियो समेत दोनों युवकों को कोतवाली लाकर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया। सूत्रों की मानें तो पकड़े गए लोगों में से एक प्रधान का पति भी है और गाड़ी में जनप्रतिनिधि भी लिखा था। पुलिस का कहना है कि अभी गाड़ी मालिक का भी पता नहीं चला है। बता दें कि जिले में भी जनप्रतिनिधि लिखीं गाड़ियां गलत तरीके चल रही है, लेकिन सत्ता पक्ष के दबाव के कारण पुलिस उन पर कोई कार्रवाई नहीं कर पाती है।