उरई। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित मरोड़ा के पास शुक्रवार की रात तेज रफ्तार स्कार्पियो की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। पिता कलेक्ट्रेट में संविदा पर कंप्यूटर आपरेटर के पद पर कार्यरत था। पुलिस के मुताबिक स्कार्पियो समेत चालक फरार हो गया है, उसकी तलाश की जा रही है। बाइक सवार हेलमेट भी नहीं लगाए थे।
उमरारखेड़ा निवासी नीरज अरिवार (30) पुत्र गंगाराम शुक्रवार की रात तकरीबन साढ़े सात बजे अपने छह साल के बेटे आर्यन को बाइक पर बैठाकर पत्नी को ससुराल से लिवाने बिनौरा जा रहा था। उरई स्थित मरोड़ा के पास पहुंचते ही सामने तेज रफ्तार से आ रही स्कार्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक स्कार्पियो में फंस गई और करीब 150 मीटर तक घसीटती चली गई। तब तक पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो चुके थे। टक्कर मारने के बाद स्कार्पियो कानपुर रोड की ओर निकल गई। राहगीरों की पुलिस पर पहुंची पुलिस ने पिता-पुत्र को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही परिजन भी रोते बिलखते अस्पताल पहुंचे। परिजनों के मुताबिक नीरज और आर्यन दोनों ही अपने पिता की एकलौती संतान थे। अस्पताल के बाहर बैठे पिता गंगाराम बेटे और पोते की मौत से बदहवास हो गए थे। इलाकाई लोगों का कहना है कि हादसे से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया। पत्नी भाई दूज पर मायके में ही थी, जिसे लेने के लिए ही नीरज बेटे के साथ निकला था।