कुठौंद (जालौन)। महिला प्रधान के घर बच्चों के मामा बनकर घुसे टप्पेबाज ने अलमारी व बक्सों के ताले तोड़कर नगदी जेवर समेत लगभग तीन लाख का माल पार कर दिया। बच्चों ने खेत पर गई महिला प्रधान को घटना की सूचना दी। जब वह लौटकर घर आई तो देखा अलमारी व बक्से के ताले साबड़ लगाकर तोड़े गए थे और उसमें रखा नगदी जेवर गायब था। इसकी सूचना उन्होंने शंकरपुर चौकी पुलिस को दी। चौकी प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
कुठौंद थाना क्षेत्र के शंकरपुर चौकी से मात्र दो सौ मीटर दूर खेड़ा मुस्तकिल की ग्राम प्रधान कमला देवी पत्नी स्व. कल्लू राजपूत के घर में बुधवार सुबह 9 बजे टप्पेबाज ने घर में घुसकर अलमारी व बक्से को साबड़ लगाकर तोड़ दिया और उनमें रखे डेढ़ लाख रुपये नगद, एक जोड़ी सोने की झुमकी, हार, अंगूठी व चांदी की पायल सहित तीन लाख का माल पार कर दिया।
कमला देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि काफी समय से शंकरपुर में बने घर में परिवार सहित रह रही है। बुधवार सुबह नौ बजे खेड़ा गांव स्थित खेत में सरसों की फसल की कटाई कराने गई थी। घर पर नौ वर्षीय भतीजा अनुज व 13 वर्षीय भतीजी कंजन व पुत्री सरमन थी। तभी एक टप्पेबाज आया और बच्चों से बोला कि वह उनका मामा है और उसने अपने फोन से किसी महिला से बच्चों की बात भी कराई।
जिसमें उनके ही नाम से महिला ने कहा कि मामा को घर से कुछ सामान लेना है। इस पर बच्चे बहल गए और बाहर खेलने चले गए। इसके बाद टप्पेबाज ने घर में घुसकर अलमारी व बक्से को साबड़ लगाकर तोड़ा और उसमें रखे जेवर व नगदी समेटकर भाग गया। इसके बाद जब बच्चे घर में आए तो अलमारी व बक्सा टूटा देखकर पड़ोसी के फोन से उसे सूचना दी। वह घर पहुंची तो देखा अलमारी व बक्सा टूटा पड़ा है और उसमें रखा जेवर नगदी गायब थी। इसकी सूचना उन्होंने चौकी पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंचे चौकी प्रभारी उमेश सिंह पुलिस के साथ पहुंचे और जांच पड़ताल की। थाना प्रभारी दीपक मिश्रा का कहना है कि बच्चों से टप्पेबाज का हुलिया पता कर उसकी तलाश का प्रयास किया जा रहा है।