कदौरा। कदौरा क्षेत्र के ग्राम उदनपुर स्थित इंटर कालेज में चल रही मदरसा बोर्ड की परीक्षा में दूसरी पाली में दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे एक मुन्ना भाई को कक्ष निरीक्षकों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। थानाध्यक्ष का कहना है कि केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर मामला दर्ज किया जा रहा है।
गुरुवार को फतेहचंद्र स्मारक इंटर कालेज की दूसरी पाली में मदरसा बोर्ड की कामिल फारसी की परीक्षा थी। जिसमें पंजीकृत 28 परीक्षार्थियों में से सिर्फ 19 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे थे। जब कक्ष निरीक्षक विनय कुमार व सबीना खातून कक्षा में चेकिंग कर रहे थे तो उन्हें एक छात्र पर शक हुआ तो क्योंकि वह लगातार अतिरिक्त कापी मांग रहा था।
उसने तीन बार अतिरिक्त कापी ली और जब चौथी बार अतिरिक्त कापी मांगी तो कक्ष निरीक्षक विनय कुमार व सबीना खातून ने कापी चेक कर प्रवेशपत्र मांगा तो वह नहीं दिखा सका। कड़ाई से पूछताछ में पता चला कि वह दूसरे की जगह पेपर दे रहा है। इस पर कक्ष निरीक्षक ने इसकी सूचना केंद्र व्यवस्थापक गंगाप्रसाद त्रिपाठी को दी। मौके पर पहुंचे केंद्र व्यवस्थापक ने मुन्ना भाई को पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कामता प्रसाद ने कहा कि मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।