उरई। करीब ढाई माह पूर्व जालौन कोतवाली क्षेत्र में हुई महिला की हत्या का खुलासा एसपी अरविंद चतुर्वेदी ने किया है। एसपी ने बताया कि बलात्कार के प्रयास में असफल होने पर गांव के ही एक युवक ने महिला को कैंची से गोदकर मार डाला था। फिलहाल आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर आला कत्ल कैंची भी बरामद कर ली गई है।
बताया कि 1 नवंबर 2018 को छिरिया सलेमपुर निवासी बाबा की पत्नी रामवती (45) का शव उसके छप्पर के बगल में स्थित उसकी गुटका की दुकान पर लहूलुहान हालत में पड़ा मिला था। परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों को शक के आधार पर नामजद किया था।
एसपी ने बताया कि कोतवाली पुलिस और सर्विलांस की टीम मामले के खुलासे में काम कर रही थी और सटीक सूचना पर गुरुवार सुबह पुलिस ने जालौन स्थित कोंच चौराहे से छिरिया के ही निवासी मुबीन को धर दबोचा। पूछताछ में उसने बताया कि वारदात की रात वह अपने बहनोई मुन्ना के घर से शराब पीकर लौट रहा था। रास्ते में रामवती की दुकान दिखी तो उसे जगाकर गुटका लेने लगा, इसी दौरान उसकी नीयत खराब हो गई।
उसने रामवती के साथ जबरदस्ती का प्रयास लेकिन उसके विरोध करने पर जब मकसद पूरा नहीं कर सका तो वहीं पड़ी कैंची से उसे गोदकर मौत के घाट उतार दिया। एसपी ने खुलासा करने वाली टीम को पुरस्कृत करने की बात कही है। बताया कि जिन लोगों पर शक जताया गया था, वे सभी निर्दोष साबित हुए हैं। वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी भी मौजूद रहे।