अलग-अलग सड़क हादसों में बालिका समेत सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां बालिका समेत दो की हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर किया गया है।
कानपुर नगर के सजेती थानाक्षेत्र के कोटरा मकरंदपुर निवासी संध्या (5) पुत्री राजा सिंह को गुरुवार को उसके मौसा श्यामनारायण निवासी शीतलपुर लाए थे। गुरुवार शाम करीब चार बजे संध्या घर के बाहर हाईवे के किनारे खेल रही थी, तभी उरई की ओर से आ रही बोलेरो ने उसे टक्कर मार दी। इसी बीच वहां से निकली आटो सवार शिक्षामित्र सरोजनी ने बालिका को जिला अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद संध्या के परिजन भी अस्पताल आ गए।
बालिका की हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर रेफर किया गया है। दूसरी घटना हाईवे पर सजेती थानाक्षेत्र के अज्योरी गांव की है। ललपुरा के पौथिया निवासी फरजाना (22) पत्नी मोहम्मद तौहीब, माजिदा (22) पुत्री मोहम्मद वसीम खां, अजमेरुन (45) पत्नी वसीम को आटो चालक मुश्ताक घाटमपुर ले जा रहा था।
तभी अज्योरी के पास सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसमें सभी घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीसरी घटना बेतवा पुल के पास हनुमान मंदिर के पास की है। जिसमें शिवमंगल (26) पुत्र राजकुमार व रामदास की बाइकें भिड़ गई। दोनों घायल हो गए।