उरई। पुलिस की संयुक्त टीम ने उरई-कोटरा मार्ग के सर्विस लेन पर सोमवार रात एक ट्रक से 762 किलो गांजा पकड़ा। इन्हें बोरों में छिपाकर रखा गया था। सात अंतरराज्यीय तस्कर दबोचे गए। इनसे टीम को सवा दो लाख रुपये नकद व दो कार भी मिली हैं। एसपी ने मंगलवार को इसका खुलासा करते हुए गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत तीन करोड़ रुपये बताई है।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी रवि कुमार ने बताया कि सोमवार रात कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम उरई स्थित झांसी कानपुर हाईवे पर वाहनों की जांच कर रही थी। उरई-कोटरा म
ार्ग के सर्विस लेन पर पुलिस ने एक ट्रक को रोका तो चालक भागने लगा। दौड़ाकर उसे दबोच लिया गया। ट्रक की तलाशी में 23 बोरियों में रखा 762 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद ट्रक के साथ चलने वाले दो वाहनों को भी पुलिस ने पकड़ लिया। तलाशी में इनके पास से दो लाख 18 हजार 900 रुपये, एक ट्रक, दो कार व सात मोबाइल बरामद हुए।
पुलिस ने सात गांजा तस्करों प्रेमपाल-निवासी देवीनगर असरौली थाना देहात कोतवाली जनपद एटा, शानू सवार व मार्क्स सवार-निवासी ओडवा जनपद गाजा पट्टी उड़ीसा, जितेंद्र उर्फ जीतू-निवासी बम्हरौली थाना मोठ जनपद झांसी, अरुण प्रताप सिंह उर्फ सचिन गुर्जर-निवासी तहसील के पीछे झांसी, राघव सिंह-निवासी मोहल्ला फौजदारन कस्बा व थाना समथर जनपद झांसी, कन्हैया कुंचवंदिया-निवासी नया पटेल नगर चौरासी रोड कोतवाली उरई को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे उड़ीसा से ट्रक में छिपाकर गांजा ले जा रहे थे। इसकी सप्लाई व बिक्री वह प्रदेश के जालौन, झांसी सहित अन्य जनपदों में करने वाले थे। एसपी ने बताया कि तस्करों से यह पता लगाया जा रहा है कि वह उड़ीसा में कहां से गांजा लेते थे। साथ ही उरई व जालौन में किसको बेचते हैं।
प्रेमपाल पर मथुरा व दिल्ली में मुकदमे
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार प्रेमपाल पर मथुरा और दिल्ली में एनडीपीएस के दो मामले दर्ज हैं। जितेंद्र पर उरई जनपद में एनडीपीएस समेत दो मामले दर्ज हैं। कन्हैया पर भी उरई कोतवाली में एनडीपीएस का एक मामला दर्ज है।
इनसेट
टीम को 10 हजार का इनाम
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में शहर कोतवाल शिवकुमार राठौर, एसओजी प्रभारी अर्जुन सिंह, सर्विलांस प्रभारी योगेश पाठक सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को एसपी ने 10 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।