कोंच (जालौन)। बड़े पुल के पास शुक्रवार को बाइक से जा रहे सराफा कारोबारी से बदमाशों ने तमंचे के बल पर दो लाख के जेवर, मोबाइल और नगदी लूट ली। बेहोश का उसे झाड़ियों में फेंक दिया। कारोबारी की तहरीर पर कोंच पुलिस ने मौके पर जाकर जायजा तो लिया लेकिन सीमा विवाद में मुकदमा दर्ज नहीं किया।
कैलिया गांव के मूल निवासी सराफा कारोबारी रवींद्र सोनी पुत्र संतराम सोनी उरई शहर के इंद्रानगर मोहल्ले में रहते हैं। गुरुवार दोपहर लगभग दो बजे वह बाइक से हरदोई गुर्जर से धनौरा जा रहे थे। बड़े पुल के पास एक व्यक्ति ने उन्हें रुकने का इशारा किया।
रवींद्र के अनुसार रुकते ही पुल के नीचे सेे चार और लोग निकल आए। एक ने तमंचा निकाल कर तान दिया और दूसरे ने नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। होने आने पर रवींद्र ने खुद को झाड़ियों में पड़ा पाया, सड़क किनारे बाइक खड़ी थी। वह बाइक से घर पहुंचे।
रवींद्र ने बताया कि बदमाश पायल, बिछिया, कील, बेंदी और हार समेत करीब दो लाख कीमत के सोने-चांदी के जेवर, चार हजार रुपये, मोबाइल, जरूरी कागजात लूट ले गए हैं। सराफा कारोबारी की तहरीर पर कोतवाल इमरान खान और इंस्पेक्टर क्राइम उदयभान गौतम ने मौके पर जाकर जांच की। कोतवाल ने बताया कि कारोबारी बयान बदल रहा है।
तीन थानों का सीमा विवाद
जिस जगह लूट हुई वह कोंच, जालौन और एट की सीमा पर है। इससे तीनों थानों की पुलिस में सीमा विवाद बनी हुई है। कोंच पुलिस ने मौके का निरीक्षण तो कर लिया लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है। कारोबारी तीनों थाने के चक्कर लगा रहा है।