कालपी। कस्बे के रामगंज मोहल्ले में बुधवार रात सट्टे व नशेबाजी को लेकर हुए विवाद में फायरिंग हो गई। कई राउंड फायरिंग में मोहल्ले में हड़कंप मच गया। मोहल्लेवासियों ने मामले की सूचना एसपी को दी। निर्देश के बाद सीओ व कोतवाल मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देख सटोरिये दो बाइकें छोड़कर भाग गए। मोहल्ले के दीपेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद व दस अज्ञात लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने व बलवा फैलाने की एफआईआर दर्ज की है।
बुधवार रात गणेशगंज मोहल्ला निवासी दीपेंद्र का मोहल्ले के ही गणेश सैनी से नशेबाजी के दौरान विवाद हो गया। बताया जाता है कि सट्टा व्यापार को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों की ओर से आधा दर्जन बाइकों में सवार लगभग एक दर्जन लोग मौके पर आ गए व अवैध असलहों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इससे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। किसी ने इसकी सूचना एसपी को दी, इसके बाद सीओ व कोतवाल भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तब तक हमलावर फायरिंग करते हुए भाग गए।
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि कई राउंड फायरिंग हुई है। फायरिंग के चलते लोग घरों में दुबक गए। पुलिस ने मौके से दो बाइकें बरामद की हैं। दीपेंद्र सिंह की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने गणेश व दस अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, घर में घुसकर मारपीट करने सहित विभिन धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। घटना से इलाके में दहशत व्याप्त है। वहीं पुलिस सूत्रों की मानें तो बाइकों के नंबर से पुलिस फायरिंग करने वाले की तलाश कर रही है।