कोंच। कोतवाली के ग्राम दिरावटी में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लगभग दो लाख का माल पार कर दिया है। घर के एक कमरे में परिवार के लोग सो रहे थे, चोर दीवार फांदकर अंदर आए और बगल के कमरे की कुंडी काटकर सामान समेट ले गए। कोतवाली पुलिस ने पहुंच कर मौके का निरीक्षण किया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दिरावटी निवासी जालिम सिंह उर्फ फौजी पुत्र लक्ष्मनदास के घर से बुधवार की रात चोर दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हो गए। जिस कमरे में परिवार सो रहा था उसके बगल वाले कमरे की कुंडी काट दी और कमरे में रखे सोने चांदी के जेवर सहित पच्चीस हजार नगदी पर चुरा ली। चोर घर में कीमती सामान के साथ देसी घी भी चुरा ले गए।
गृहस्वामी ने जब सुबह देखा तो कमरे की कुंडी कटी पड़ी थी और सामान बिखरा पड़ा था। लगभग दो लाख का नुकसान बताया जा रहा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर जा कर जांच पड़ताल की है। परिजनों ने बताया कि छह माह पहले भी चोरी हो चुकी है।