उरई। निर्माणाधीन मकान की छत डालने के लिए सरिया ले जा रहा मिस्त्री ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। साथ में काम कर रहे लोग उसे लेकर जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना जब मृतक के परिजनों को मिली तो घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के कोंच रोड स्थित मैकेनिक नगर निवासी विजय सिंह के घर में निर्माण कार्य चल रहा था। रविवार की सुबह नौ बजे शहर के मोहल्ला उमरार खेरा निवासी राजू नटवरलाल (36) पुत्र सरमन लाल लेंटर के लिए सरिया काटने का काम करने गया था। वह सरिया लेकर छत पर नापतोल कर रहा था। तभी ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन से उसका सरिया छू गया। जिससे करंट की चपेट में आकर वह बुरी तरह झुलस गया। साथ में काम कर रहे लोगों में अफरा तफरी मच गई। किसी तरह उसको लेकर जिला अस्पताल आए।
जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना जब उसके परिजनों को हुई तो रोते बिलखते परिजन बदहवाश हालत में जिला अस्पताल पहुंचे। वहीं सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि मृत चार भाइयों में सबसे छोटा था। मृतक की पत्नी संतोषी पुत्र शनि व संजू, मां कमला देवी का रो रोकर बुरा हाल है।