उरई। संदिग्ध हालात में वृद्ध का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। सुबह गांव के लोगों ने रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा देखा तो इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की जांच पड़ताल की। वृद्ध की जेब से मिले कागजों से उसकी शिनाख्त हो गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जालौन कोतवाली क्षेत्र के शहजादपुरा गांव निवासी रामसनेही (70), रामदीन का शव मंगलवार की सुबह झांसी कानपुर रेलवे लाइन के भुआ स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर क्षति विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। वहां से गुजर रहे लोगों ने ट्रैक पर शव पड़ा देख इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे एसआई संतराम कुशवाहा ने शव की जांच पड़ताल की। वृद्ध की जेब में मिले कागजों से उसकी शिनाख्त हो गई। उसके पास से मिले बैग से आधारकार्ड की फोटो कॉपी व कुछ पासपोर्ट साइज फोटो मिली। परिजनों ने बताया कि मृतक वृद्ध शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बघौरा में अपने रिश्तेदारी में आया था और सोमवार की रात वह घर जाने की कहकर चला गया था। सुबह उसका शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिलने की सूचना मिली। परिजनों ने अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं दी है।