एट। बाजार से अपने घर जा रहे मिठाई विक्रेता को दो तीन लोगों ने घात लगातर गोली मार दी। गोली की आवाज से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। गोली विक्रेता के पैर में लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। युवक के पिता एक नामजद व दो तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर अरुण तिवारी का कहना है कि मामला रंजिश का बताया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार की शाम थाना क्षेत्र के ग्राम पिरौना निवासी रूप सिंह यादव का मिठाई विक्रेता बेटा गणेश यादव बाजार से हाईवे पर बने अपने घर जा रहा था। परिजनों के मुताबिक इसी बीच हाईवे की सर्विस लाइन पर घात लगाए बैठे अमित गौतम पुत्र राधा शरण गौतम निवासी पिरौना थाना एट और उसके दो साथियों ने गणेश पर तमंचे से फायर कर दिया। अपना बचाव करते हुए गणेश जमीन पर गिर गया। इस पर गोली उसके पैर को चीरते हुए निकल गई और वह लहूलुहान हो गया। फायरिंग की घटना से सर्विस लेने के राहगीरों में अफरातफरी मच गई। इसी बीच मौका देखकर हमलावर भाग निकले। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायल गणेश को तत्काल ही जिला अस्पताल लाया गया, जहां से उसे झांसी रेफर कर दिया गया। पिता रूप सिंह का कहना है कि एक पुराने मामले को लेकर अमित उनके बेटे गणेश से रंजिश मानता है, जिसके चलते ही उसने हमला किया है। पिता ने थाने में अमित व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ तहरीर भी दी।
वहीं, इंस्पेक्टर का कहना है कि गोली पैर के अंगूठे में लगी है। मामला पेशबंदी का भी हो सकता है। जांच की जा रही है। वहीं इलाकाई लोगों का कहना है कि दोनों ही पक्ष दबंग किस्म के हैं और उनके बीच आए दिन विवाद होता रहता है।