कदौरा(जालौन)। एक दिन पूर्व नौटंकी में हुई कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। जिसमें चार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने हवाई फायरिंग का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर लेकर मामला दर्ज किया जाएगा।
मंगलवार को इकौना निवासी सुपरसी के बेटे के जन्मदिन पर चल रही नौटंकी के दौरान गांव निवासी धीरेंद्र व छिद्दू के बीच विवाद हो गया और मारपीट होने लगी। जिस पर ग्रामीणों ने बीच बचाव कर मामला किसी तरह शांत करा दिया। बुधवार दोपहर को दोनों पक्ष के लोग अपने अपने परिजनों के साथ फिर से आमने सामने आ गए और नौटंकी के विवाद को ही लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षो के बीच लाठी डंडे चलने लगे और पथराव होने लगा। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल रमाकांत (40) उसकी पत्नी गुड्डी देवी (35) दूसरे पक्ष से छोटे निषाद (38) व उसकी पत्नी रामबली देवी (30) को सीएचसी भेजा गया, जहां से रामबली देवी, छोटे निषाद व रमाकांत को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह का कहना है कि नशेबाजी का विवाद है, फायरिंग की बात गलत है, अभी तक किसी पक्ष से कोई तहरीर भी नही मिली है।