कोंच। कोतवाली क्षेत्र के कुदरा बुजुर्ग गांव में गोवंश गायब होने को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान एक दंपती से मारपीट की गई और जातिसूचक टिप्पणियां भी की गईं। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। घायल दंपती का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया है।
ग्राम कुदरा बुजुर्ग निवासी आरती देवी ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह उनके तीन गोवंश चरने गए थे। देर शाम तक वे वापस नहीं लौटे। उनके पति कृष्णपाल सिंह गोवंशों की तलाश में निकले। उन्हें जानकारी मिली कि साहिल सिंह गुर्जर ने उनके गोवंश गायब किए हैं। कृष्णपाल साहिल के घर पहुंचे और गोवंशों के बारे में पूछा। आरोप है कि साहिल ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए कृष्णपाल की पिटाई शुरू कर दी।
विरोध करने पर साहिल समेत सागर गुर्जर, पर्वत सिंह, सूर्यांश गुर्जर, आशीष गुर्जर, शिवा गुर्जर और शिवम गुर्जर ने कृष्णपाल को लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पीटा। शोर सुनकर मौके पर पहुंची आरती देवी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। घटना में दंपती घायल हो गए। आरती ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान एक आरोपी लाइसेंसी बंदूक लेकर आया और गोली मारने की धमकी दी। साथ ही, उनकी दो बाइकों में भी तोड़फोड़ की गई। सीओ परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है और प्राथमिकी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।