कोरोना का टीका लगवाने के बाद डॉक्टरों की टीम के साथ 109 वर्ष की रामदुलैया
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश के जालौन में कोरोना की दूसरी लहर के बीच सीएचसी जालौन व पीएचसी छिरिया सलेमपुर सहित हरीपुरा स्थित उपनगरीय पीएचसी पर वैक्सीनेशन अभियान तेज कर दिया गया है। गुरुवार को सीएचसी में वीरपुरा निवासी 109 वर्ष की रामदुलैया पत्नी नाथूराम निरंजन ने अपने बहू-बेटों के साथ कोरोना का टीका लगवाया।
जब स्वास्थ्य कर्मियों ने पंजीकरण फार्म रामदुलैया की उम्र 109 देखी तो उन्हें लेने के लिए स्वयं उनके घर पहुंच गए। टीकाकरण के पश्चात स्वयं सीएमओ डॉ ऊषा सिंह ने बुजुर्ग महिला को फूल मालाएं व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके बाद जैसे-जैसे खबर फैलती गई लोगों का सीएचसी पहुंचना शुरू हो गया।
वहां सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष रामेंद्र सिंह सेंगर बनाजी, चेयरमैन गिरीश गुप्ता, एडीएम प्रमिल कुमार सिंह, सीएचसी प्रभारी डॉ. मुकेश राजपूत, आदि ने भी रामदुलैया को सम्मानित किया। उनके परिवार से पुत्रवधू रामकली (85) व विमला देवी (62) एवं पुत्र मुलायम सिंह निरंजन (88) व गुलाब सिंह निरंजन (65) को भी कोरोना का टीका लगवाया।
माना जा रहा है रामदुलैया अब तक की सबसे अधिक उम्र की महिला है, जो कि टीकाकरण अभियान का हिस्सा बनीं हैं। सम्मान से गदगद रामदुलैया ने अपने कांपते हाथों को उठाते हुए सभी से टीका लगवाने की अपील की। कहा कि उम्र चाहे कोई भी हो लेकिन हर एक को अपनी जिंदगी से प्यार करना चाहिए और उसकी सुरक्षा करना चाहिए।