उरई। कोरोना संक्रमण का दूसरा चरण शुरू हो गया है। रविवार को चार लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य महकमे ने सतर्कता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दूसरे राज्यों से आने वाले वाले लोगों और यात्रियों की कोरोना जांच होगी।
रविवार को कालपी तहसील के सालासर में एक महिला, चतेला में एक महिला, हरीगंज व बसरेही में एक एक व्यक्ति समेत चार लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3927 हो गई है। इनमें 46 की मौत हो चुकी है। हालांकि 3875 लोग ठीक भी हो चुके हैं। इस समय एक्टिव केस छह हैं। एक व्यक्ति को ठीक होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
रविवार को 127 सैंपल जांच के लिए भेजे गए। सीएमओ डॉ ऊषा सिंह ने बताया कि अब तक 273314 सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर सतर्क हो गया है। कांटेक्ट ट्रेसिंग के साथ सैनिटाइजेशन का काम किया जा रहा है। मास्क और दो गज की दूरी का पालन करने को कहा जा रहा है।