कोंच। तहसील के ब्लॉक कोंच की ग्राम सभा कूड़ा की नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान की कोरोना से मौत हो गई। वहीं नदीगांव ब्लॉक के कुदइया के बीडीसी की बीमारी के चलते मौत हो गई।
हालिया संपन्न त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ब्लॉक कोंच के ग्राम कूड़ा से नवनिर्वाचित महिला प्रधान मेदा देवी पत्नी अरविंद सिंह का शुक्रवार को कोरोना के चलते निधन हो गया। जैसे ही उनके निधन की खबर गांव में पहुंची ग्रामीण सकते में आ गए। मेदा देवी की उम्र करीब 57 साल थी। दतिया के सरकारी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई है। उधर, नदीगांव ब्लॉक के कुदइया से नवनिर्वाचित बीडीसी सुरेश कुशवाहा (60) का बीमारी के चलते निधन हो गया। सुरेश कुदइया, पांड़ौरी, चमरउआ से बीडीसी का चुनाव जीते थे। बीमारी की हालत में उरई में उनका इलाज चल रहा था।