उरई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सेवा भारती के द्वारा मेडिकल कॉलेज में संचालित कैंटीन के सहयोग के लिए भारत विकास परिषद मुख्य शाखा आगे आई है। परिषद ने लगभग एक सप्ताह का राशन सेवा भारती की कैंटीन में उपलब्ध कराया। परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष अजय इटौरिया ने बताया कि बुंदेलखंड प्रांत की सभी शाखाएं अपने अपने स्तर पर सामाजिक सहयोग में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। हमारी झांसी विवेकानंद शाखा प्लाज्मा बैंक के रूप में संचालित कर रही है जिसमें सैकड़ों मरीजों को प्लाज्मा उपलब्ध कराया जा चुका है।
संरक्षक डॉ. रामकिशोर पहारिया ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों के तीमारदारों को भोजन के लिए भटकना पड़ता था उसके लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सराहनीय पहल रही। इस पहल का भारत विकास परिषद स्वागत करता है और जो भी सहयोग की आवश्यकता रहेगी परिषद उसमें बढ़ चढ़कर हिस्सा लेगी। अध्यक्ष लखनलाल चंदैया ने बताया कि परिषद ने पल्स ऑक्सीमीटर खरीदे हैं यदि किसी को इमरजेंसी आवश्यकता हो तो वह संपर्क करके प्राप्त कर सकता है। सचिव मोहित सिपौलिया ने बताया कि परिषद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा संचालित कैंटीन में आटा तेल और राशन उपलब्ध करवाया है। इस दौरान ब्रह्मानंद खरे, बलवीर सोनी, लवकुश, प्रद्युम्न, ऋषि, उपेंद्र आदि रहे।