कदौरा। कोरोना कर्फ्यू में दुकानें खोलने को लेकर दुकानदार आपस मे भिड़ गए, जिससे बाजार में अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे अधिशासी अधिकारी व पुलिस कर्मियों ने व्यापारियों को समझा बुझाकर शांत कराया। थानाध्यक्ष का कहना है कि कर्फ्यू के दौरान सिर्फ जरूरी सामग्रियों की दुकानें खोलने की अनुमति है। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य जो भी दुकानें खोली जा रही हैं उन पर कार्रवाई की जाएगी।
कोरोना महामारी को देखते हुए सरकार ने कोरोना कर्फ्यू लगाया है, साथ ही जरूरी सामग्री की दुकानें खोलने की छूट दी है, लेकिन कोरोना कर्फ्यू को धता बताकर कस्बे के मुख्य बाजार में कुछ कपड़ा व्यापारी दुकानें खोल कर ग्राहकों को कपड़े आदि की बिक्री कर रहे थे, तभी अन्य व्यापारियों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया साथ ही एसडीएम कालपी से शिकायत कर दी।
सोशल मीडिया में वीडियो डालने की जानकारी होने पर व्यापारी आपस में भिड़ गए। बात विवाद बढ़ते-बढ़ते हाथापाई तक पहुंच गया। सूचना पर पहुंचे अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार सिंह व प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने व्यापारियों को समझा बुझा कर मामले को शांत कराया। अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि इस दौरान दुकानें खोलने वाले व्यापारियों की सूची बनाकर जल्द उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। लगातार नगर पंचायत की गाड़ी से एनाउंस कराया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि अभी तक तहरीर नही मिली है, तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।