उरई (जालौन)। कोरोना ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। रविवार को अलग-अलग क्षेत्रों में पांच नए मरीज आए। इनमें कालपी में दो, जालौन, कोंच व उरई में एक-एक शामिल हैं। इसके साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3952 हो गई है। इनमें 46 की मौत हो चुकी है। 3892 ठीक हो चुके हैं। इस समय एक्टिव केस 14 हैं।
जिला प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट में जिन पांच लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें एक व्यक्ति जालौन तहसील के सारंगपुर का है। दूसरा व्यक्ति कालपी तहसील के खुटमिली का और तीसरा मंगराया निवासी है। कोंच के मोहल्ला गांधीनगर में चौथा और उरई शहर के मोहल्ला नया पटेलनगर में एक-एक संक्रमित मिले हैं। इन सभी की उम्र 23 से 35 साल के बीच है। सीएमओ डॉ ऊषा सिंह ने बताया कि जहां भी संक्रमित मरीज मिले हैं, उनकी कांट्रेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। उनके घर और आसपास सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। रविवार को 272 सैंपल जांच के लिए भेजे गए।