उरई। डीएम राजेश कुमार पांडेय ने ठंड में गोवंश के बचाव के लिए कलक्ट्रेट सभागार में वर्चुअल बैठक कर दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी गोशालाओं में व्यवस्थाएं सुदृढ़ हों, किसानों को किसी भी क्षेत्र से गोवंश की शिकायत है तो कलक्ट्रेट में स्थापित कंट्रोलरूम नंबर 05262-250288 शिकायत दर्ज कराएं। शिकायतों का त्वरित संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाएगी। गोवंश को ठंड से बचाव के लिए आश्रय स्थलों में तिरपाल, बोरा, पराली व अलाव आदि का प्रबंध रहे। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।
आश्रय स्थलों में निर्मित शेड को तिरपाल एवं बोरे आदि से विधिवत ढक दिया जाए ताकि ठंडी हवाओं से गोवंश को सुरक्षित रखा जा सके। गो-आश्रय स्थलों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए। आश्रय स्थलों में पानी, गोबर व गोमूत्र आदि की निकासी की समुचित व्यवस्था रहे। वृद्ध, अशक्त व नवजात गोवंश पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि रामपुरा, माधौगढ़, नदीगांव व महेवा आदि स्थानों पर विशेष अभियान चलाकर गोवंशों को गोशालाओं में संरक्षित करना सुनिश्चित करें। साथ ही मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक गोवंशों को सुपुर्दगी में दिया जाए। गोशालाओं के अभिलेखों का बेहतर रखरखाव किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर जिला विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी व बीडीओ की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि भरण-पोषण की समय रहते ही डिमांड कर ली जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गोशालाओं में केयरटेकर की 24 घंटे तैनाती रहे।
उन्होंने निर्माणाधीन वृहद गो सरंक्षण केंद्र नुनवई, जुगराजपुर एवं रूपपुरा समीक्षा कर तेज गति से कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीडीओ, सभी एसडीएम व सीवीओ आदि मौजूद रहे।
रामपुरा। सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) भारत सिंह ने विकास खंड क्षेत्र की पांच गोशालाओं का निरीक्षण कर हकीकत जानी। एडीओ सबसे पहले ग्राम पंचायत गोरा चिरैया में बनी गोशाला पहुंचे। जहां गोशाला ताले से बंद मिली। काफी देर इंतजार करने के बाद भी केयर टेकर नहीं आया।
मजीठ गोशाला पहुंचकर केयरटेकर को रोजाना सुबह शाम आग जलाने के निर्देश दिए और गोशाला में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए ग्राम प्रधान को निर्देशित किया। ग्राम पंचायत जमरेही सानी की गोशाला में भूसे की कमी पाए जाने पर भूसा का इंतजाम एवं सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए प्रधान व सचिव को निर्देशित किया गया।
धरमपुरा जागीर की गोशाला में भूसे की व्यवस्था, आग जलाने के लिए लकड़ी की व्यवस्था के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान गोशाला के सीसीटीवी कैमरे चलते पाए गए। उन्होंने टीहर की गोशाला का भी निरीक्षण किया।