उरई। आर्थिक तंगी से तंग होकर एक होटलकर्मी ने फंदे पर लटक कर जान दे दी। परिजन जब उसके कमरे में गए तो युवक को फंदे पर लटका देख घबरा गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाया।
रामपुरा थाना क्षेत्र के मोहल्ला राजेंद्रनगर निवासी जितेंद्र कुमार (40) वहीं के एक होटल में काम करता था। पिता राजेंद्र ने बताया कि उनके छोटे बेटे अमित ने भी पांच साल पहले फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उसके बाद फिर एक और बेटे को इस तरह खो दिया। बताया कि जितेंद्र की शादी हो चुकी थी, उसके दो बच्चे हैं।
घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने से वह परेशान चल रहा था। मंगलवार की शाम को वह होटल से काम कर के घर आया। उसके बाद कमरे में ही एक हुक पर उसने रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी स्वाति व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी भीमसेन पौनिया ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।