कुठौंद। एचटी लाइन में काम करते वक्त करंट आने से संविदा कर्मी गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गुस्साए परिजनों कर्मी का शव रखकर करीब एक घंटे तक जालौन औरैया मार्ग पर विरोध भी जताया। पुलिस ने किसी तरह घरवालों को समझाकर मनाया। बाद में शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ग्राम शंकरपुर निवासी बिजली विभाग का संविदा कर्मी अहबरन सिंह (50) रविवार को जुगराजपुर गांव की एचटी लाइन ठीक कर रहा था, तभी अचानक लाइन में करंट चालू हो गया। इससे वह बुरी तरह झुलस गया और चीखते हुए नीचे सड़क पा आ गिरा। सूचना पाकर पहुंचे परिजन अहबरन को सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद मुआवजे और लाइन चालू करने के दोषियों पर कार्रवाई की मांग पर परिजनों ने शव रखकर जालौन मार्ग पर विरोध जताया। जानकारी पर पहुंची कुठौंद पुलिस ने परिजनों को आश्वासन देकर उन्हें समझाया। दोपहर ढाई से साढ़े तीन बजे तक वे वहां जमा रहे। इंस्पेक्टर अरुण तिवारी के मुताबिक कर्फ्यू के कारण रोड पर यातायात न के बराबर था। परिजनों से तहरीर लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।