उरई। किराये पर मकान दिलाने के बहाने महिला को घर ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप सिपाही पर लगा है। महिला के शोर मचाने पर पहुंचे पति के साथ भी सिपाही ने मारपीट की है। गुरुवार को पीड़ित दंपती ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। इस पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्जकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
झांसी जिले के टहरौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने शहर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। बताया कि 10 मार्च को वह पति के साथ झांसी के गरौठा स्थित न्यायालय में तारीख करने गई थी। उसके पति का पूर्व परिचित सिपाही देवेंद्र यादव वहीं मिला। पति ने उससे उरई में किराये पर मकान दिलाने की बात कही। इस पर उसने बताया कि उसका मकान खाली पड़ा है, यदि वह वहां रहने लगे तो मकान की सफाई और देखरेख भी होती रहेगी।
महिला का आरोप है कि सिपाही देवेंद्र यादव कार से उसे और उसके पति को उरई लेकर आया। चुर्खी रोड स्थित बघौरा में मकान पर ले गया। पति बाहर कमरे में बैठे थे और वह अंदर कमरे में सफाई कर रही थी। इसी दौरान सिपाही कमरे में आ गया और उसे गिराकर दुष्कर्म का प्रयास करने लगा।
महिला के शोर मचाने पर उसका पति अंदर पहुंच गया। इस पर सिपाही ने दोनों के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में महिला को चोटें आई हैं। पीड़िता ने बताया कि आरोपी सिपाही वर्तमान में ककरबई थाना में तैनात है। सीओ राजीव कुमार शर्मा का कहना है कि प्राथमिकी दर्जकर ली गई है, जांच की जा रही है।