विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को पांच प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। इनमें माधौगढ़ से चार व उरई जालौन सुरक्षित सीट से एक प्रत्याशी ने नामांकन कराया। इस दौरान पांच अन्य प्रत्याशियों ने पर्चे खरीदे। इस दौरान कलक्ट्रेट छावनी में तब्दील रहा। हर आने जाने वाले की सघन तलाशी ली गई। इस बार प्रत्याशियों पर चुनाव आचार संहिता का खौफ साफ नजर आया। प्रत्याशियों ने सादगी के साथ नामांकन कराया। न जुलूस था और न ही ढोल नजर आए।
गुरुवार को माधौगढ़ विधानसभा सीट पर सपा कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी विनोद चतुर्वेदी ने पीठासीन अधिकारी एसडीएम सुरेश चंद्र के समक्ष नामांकन दाखिल किया। वहीं बसपा प्रत्याशी गिरीश अवस्थी व उनकी पत्नी प्रमिला अवस्थी ने भी नामांकन कराया। वहीं इसी सीट पर सर्व समभाव पार्टी की शकुंतला पटेल ने भी अपना नामांकन कराया।
इधर उरई जालौन सुरक्षित विधानसभा सीट पर पीठासीन अधिकारी एसडीएम अक्षय त्रिपाठी के समक्ष भाक पा माले प्रत्याशी शिववीर सिंह ने नामांकन कराया। वहीं कालपी विधानसभा से साधना सिंह, सुनीता , रालोद से राहुल शर्मा ललितपुर, रमेश सिंह पाल व माधौगढ़ से रिटायर्ड सूबेदार मेवालाल ने पर्चा खरीदा। इस दौरान कलक्ट्रेट में सुरक्षा के कडे़ इंतजाम रहे।