कोंच। डीएम डॉ. मन्नान अख्तर ने ऐबरा गांव में बन रही गोवंश वन्य विहार गोशाला का निरीक्षण कर कार्यदाई संस्था आरईएस को कार्य निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कैलिया गोशाला का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। एडीएम प्रमिल कुमार सिंह ने भी कोंच की सुरही चौकी में बनाई गई अस्थायी गोशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं।
शनिवार को डीएम डॉ. मन्नान अख्तर ने ऐबरा गांव में 1 करोड़ 20 लाख की लागत से बन रही गोवंश वन्य विहार गोशाला के निर्माण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने कार्य में तेजी लाने के निर्देश कार्यदाई संस्था आरईएस के अधिकारियों को दिए। कहा कि जनवरी तक इस कार्य को हर हाल में पूरा कर लेना है ताकि शासन की मंशा के अनुरूप गायों और गोवंशों को शीघ्र ही आश्रय स्थल मिल सके। एसडीएम अशोक कुमार ने बताया कि इस गोशाला की क्षमता लगभग एक हजार गोवंशों की होगी। डीएम ने कैलिया गांव की गोशाला का भी निरीक्षण कर भूसा, पानी व शीत से बचाव के उपायों पर ध्यान देते रहने के निर्देश दिए। इस दौरान सीडीओ पीके श्रीवास्तव, बीडीओ दीपक यादव, एडीओ पवन तिवारी, एसओ कैलिया योगेंद्र पटेल आदि रहे। इधर, एडीएम प्रमिल कुमार सिंह ने कोंच की सुरही चौकी में बनाई गई अस्थाई गोशाला का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाएं परखीं। इस दौरान तहसीलदार राजेश विश्वकर्मा, पालिकाध्यक्षा डॉ. सरिता वर्मा, ईओ बुद्घिप्रकाश मौजूद रहे।