कदौरा। लोगों का करीब पचास लाख रुपये लेकर चिट फंड कंपनी भाग गई। इस संबंध में लोगों ने इसके क्षेत्रीय प्रबंधक के खिलाफ थाने में शिकायत की।
कस्बे के निवासी बलबीर सिंह, अंकित शाहू, अशोक कुमार, कल्लू प्रसाद, अकील अहमद, लालाराम, पूरन सिंह, अर्चना देवी आदि ने तहरीर में बताया कि मुख्य बस स्टैंड स्थित एक मकान में चिंट फंड कंपनी साई कृपा मल्टी परपज कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड (नेक्सस रियल स्टेट) खुली थी। क्षेत्रीय प्रबंधक रमेश चंद्र निवासी अभिरूवाथ ने सात साल में पैसा दोगुना करने के नाम पर लोगों से पैसा जमा कराया।
क्षेत्र के लोगों ने कंपनी में करीब 50 लाख रुपए जमा किया था। पिछले महीने कंपनी भाग गई। प्रबंधक रमेश चंद्र थाना क्षेत्र का रहने वाला है, उसी की वजह से स्थानीय लोगों ने कंपनी में पैसे जमा किए थे। उन्होंने प्रबंध की गिरफ्तारी व कंपनी पर कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है, जानकारी की जा रही है।