फोटो -13 कोतवाली में पुरानी शिकायतों की जानकारी लेते डीएम और एसपी।संवाद
= डीएम-एसपी ने पुरानी शिकायतों की समीक्षा कर दिए निस्तारण के निर्देश
= फसल नुकसान और मकान गिरने का सर्वे कराने को कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
माधौगढ़। कोतवाली परिसर में शनिवार को डीएम समीर और एसपी विनय कुमार सिंह की मौजूदगी में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। लगातार हो रही बारिश के चलते एक भी फरियादी शिकायत लेकर नहीं पहुंचा। इस पर अधिकारियों ने पुरानी शिकायतों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को उनका निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
दोपहर में डीएम और एसपी कोतवाली पहुंचे। शिकायतकर्ताओं के न आने पर डीएम ने 12 सितंबर को हैदलपुरा निवासी ग्राम प्रधान शिवराज सिंह की ओर से जल निकासी को लेकर की गई शिकायत की फोन पर जानकारी ली। शिकायतकर्ता ने बताया कि अभी तक समस्या का निस्तारण नहीं हुआ है। इस पर डीएम ने लेखपाल अमित कुमार और पुलिस टीम को मौके पर भेजकर जल निकासी की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने एसडीएम मनोज प्रकाश से कहा कि लगातार बारिश के चलते फसलें खराब हो रही हैं और कच्चे मकान भी गिर रहे हैं। ऐसे में लेखपालों से सर्वे कराकर नुकसान की जांच रिपोर्ट भेजी जाए, जिससे प्रभावित लोगों को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जा सके।
इसके बाद डीएम ने कोतवाली के अपराध रजिस्टर का निरीक्षण किया। रजिस्टर में फोटो नहीं लगे होने पर कोतवाल को फोटो लगवाने के निर्देश दिए। महिला डेस्क के निरीक्षण के दौरान दो महिला कांस्टेबल तैनात करने को कहा। इस दौरान सीओ अंबुज सिंह यादव, दरोगा दिनेश तोमर, शिवकरन सिंह, कानूनगो अशोक कुमार, लेखपाल मंसूर खान मौजूद रहे।