फोटो - 19 क्रॉसिंग बंद कर हो रहा काम। संवाद
उरई। उरई-भुआ रेलखंड के रिनियां रेलवे क्रॉसिंग नंबर 179 पर सोमवार रात ट्रैक मरम्मत का काम होने से राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक क्रॉसिंग बंद रहने के कारण झांसी की ओर से आने वाले वाहन चालकों को कई किलोमीटर का चक्कर लगाकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। वैकल्पिक मार्ग की जानकारी न होने से बाहर से आने वाले लोग रातभर परेशान होते रहे।
लोगों का कहना है कि रेल और जिला प्रशासन की ओर से वैकल्पिक रास्ते की जानकारी देने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। सहालग के चलते मैरिज हॉल पहुंचने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नया रामनगर अजनारी रोड निवासी राजेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार रात उन्हें परिवार के साथ कार से चित्रकूट जाना था। अजनारी क्रॉसिंग पहुंचने पर वाहनों की लंबी कतार लगी मिली। ट्रेन निकलने के बाद क्रॉसिंग खुली, लेकिन दोनों ओर वाहनों का दबाव अधिक होने से जाम से निकलने में करीब एक घंटे का समय लग गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक इस क्रॉसिंग पर अक्सर रात में जाम की स्थिति बनती है। वाहनों की लंबी कतार के कारण ट्रेन आने पर क्रॉसिंग बंद कराने में भी दिक्कत होती है।
झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैक मरम्मत का सोमवार को अंतिम दिन था। इसके बाद लोगों को इस परेशानी से निजात मिल जाएगी।