कदौरा। मंदिर समिति के सदस्यों ने मंशा देवी मंदिर के तालाब के सुंदरीकरण में ठेकेदार पर घटिया निर्माण का आरोप लगाया है। सदस्यों ने अधिशासी अधिकारी को शिकायती पत्र देकर जांच की मांग की।
नगर के हरचंदपुर रोड स्थित मंशा देवी मंदिर परिसर में बने तालाब का सुंदरीकरण नगर पंचायत 20 लाख रुपये की धनराशि से करा रही है। इसमें साफ सफाई, बाउंड्रीवाल, लाइटिंग आदि शामिल है। इसका टेंडर एक वर्ष पूर्व हुआ था, लेकिन ठेकेदार ने अब कार्य शुरू किया है। आरोप है कि निर्माण कार्य बेहद घटिया है।
मंदिर समिति के सदस्यों प्रदीप चौहान, नीरज, महेश, शिवहरे, धर्मेंद्र ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार सिंह को शिकायती पत्र दिया है। इसमें बताया कि निर्माण में नंबर एक की जगह खड़ंजा ईट लगाई जा रही है।
इसके अलावा तालाब के आसपास कुछ लोगों ने अस्थायी अतिक्रमण भी कर लिया है। शिकायत मिलते ही अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार सिंह और चेयरमैन मो. जमीर आलम मौके पर पहुंचे और तालाब के सुंदरीकरण के कार्यों का निरीक्षण किया। ठेकेदार को चेतावनी दी कि कार्य की गुणवत्ता को ध्यान में रखकर ही निर्माण करें, वरना कार्रवाई के साथ साथ ब्लैकलिस्टेट भी किया जाएगा।