उरई। राजकीय मेडिकल कालेज के सेमिनार हॉल में कोविड वैक्सीनेशन के लिए गुरुवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कम्युनिटी मेडिसन विभाग के सहायक आचार्य डॉ शैलेंद्र प्रताप सिंह, बाल रोग विभाग की सहायक आचार्य डॉ छवि अग्रवाल ने कोविड वैक्सीनेशन के संबंध में नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट को प्रशिक्षण दिया। प्रोजेक्टर स्क्रीन के माध्यम से नर्सिंग स्टाफ की सभी शंकाओं का समाधान किया एवं उन्हें से बताया कि किस तरह कोविड नियंत्रण में उन्हें वैक्सीनेशन के माध्यम से अपनी भूमिका अदा करनी है।
डॉ. शैलेंद्र प्रताप ने बताया कि कोल्ड चेन की व्यवस्था पहले से ही सुनिश्चित कर लें। स्टोरेज, वैक्सीनेशन, पोस्ट वैक्सीनेशन आदि स्थानों का चयन कर लें। सबसे पहले स्वास्थ्यकर्मियों का वैक्सीनेशन होगा। पहले चरण में सोमवार, शुक्रवार एवं अगले सोमवार तथा शुक्रवार को मापअप राउंड होगा। इसके तहत जिनका वैक्सीनेशन होगा अर्थात लाभार्थी व वैक्सीनेटर को टेक्स्ट मैसेज के माध्यम से सूचना भेजने की व्यवस्था रहेगी।
प्राचार्य डॉ डी. नाथ ने कहा कि कोविड महामारी में नर्सिंग स्टाफ ने समर्पित भाव से मरीजों की देखभाल की। अब समय आ गया है कि वैक्सीनेशन के माध्यम से मरीजों को संक्रमण से बचाया जाएं। कार्यक्रम में सीएमएस डॉ आरके सिंह, डॉ मनोज वर्मा, डॉ चरक सांगवान, डॉ रूपल श्रीवास्तव, अजय महतेले, प्रमोद तिवारी,राकेश कुशवाहा, दिनेश यादव, सुश्री सुमन दुबे,मिलन सिंह, शिखा मिश्रा, सरोज शर्मा आदि मौजूद रहे।