उरई। बाजार में एक नाबालिग दुकानदार पर चोरी का आरोप लगाते हुए कांग्रेस से जुड़ी महिला ने हंगामा किया। इस पर नाबालिग के समर्थन में व्यापारी भी आ गए। बात बड़ी तो दोनों पक्ष कोतवाली पहुंच गए। जहां कुछ देर चली पंचायत के बाद समझौता हो गया।
बुधवार की शाम शहर के मोहल्ला पटेल नगर की रहने वाली राजेश्वरी देवी पत्नी कीरत सिंह अपने रिश्तेदार कांग्रेसी नेत्री शशि चौहान के साथ खरीदारी करने बाजार गई थी। शशि का आरोप है कि राजेश्वरी का पर्स वहीं गिर गया, जिसे एक नाबालिग दुकानदार ने उठाकर उससे करीब 25 हजार रुपये निकालकर पर्स सड़क पर फेंक दिया। हंगामा होने पर क्षेत्र के कई व्यापारी भी नाबालिग के समर्थन में पहुंच गए। बाद में दोनों पक्ष कोतवाली भी पहुंचे। कोतवाली पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।