मौरंग से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने आगे जा रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक पर मां की गोद में बैठा दो साल का मासूम उछलकर सड़क पर गिरकर घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मां और बाइक चला रहे मामा को भी गंभीर चोटें आई हैं। ट्रक का चालक मौके से भाग निकला।
क्षेत्र के सुजानपुर गांव के पास मौरंग भरे ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार अजय साहू (30) पुत्र छुन्नी प्रसाद साहू निवासी हरचंद्रपुर थाना कदौरा व उसकी बहन अनीता (26) पत्नी अमित निवासी अकोढ़ी पुखरायां कानपुर देहात व अनीता का दो साल का बेटा आदित्य तीनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।
गश्त पर निकली डायल 100 के पुलिस के सिपाही अखिल यादव पब्लिक की मदद से तीनों को लेकर सीएचसी पहुंचा। जहां पर मौजूद डॉक्टर विशाल सचान ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं अनीता को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना पाकर अजय के परिवार के लोग भी रोते बिलखते अस्पताल पहुंच गए। अजय हेलमेट लगाए था, जिस कारण उसे अधिक चोट नहीं लगी।