उरई। कानपुर झांसी रेलमार्ग पर बरौनी से ग्वालियर जाने वाली छपरा मेल ट्रेन नंबर 11124 का इंजन पुखरायां स्टेशन पर फेल हो गया। इसके चलते ट्रेन उरई अपने निर्धारित समय से 2 घंटे देरी से पहुंची। इससे यात्रियों को परेशानी हुई।
रविवार को बरौनी से ग्वालियर जाने वाली छपरा मेल जब पुखरायां स्टेशन पहुंची, तभी उसका इंजन फेल हो गया। चालक ने इसकी सूचना कंट्रोल को दी, कंट्रोल की सूचना पर स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी का इंजन काटकर छपरा मेल में लगाया गया। तब ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया गया। इसके चलते ट्रेन अपने निर्धारित समय दोपहर तीन बजकर छह मिनट से चार बजकर छह मिनट तक एक घंटे खड़ी रही। इधर छपरा मेल उरई स्टेशन पर अपने निर्धारित समय दोपहर 2:30 बजे के स्थान पर 4.39 बजे 2 घंटे से अधिक देरी से पहुंची। इससे यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हुई। वहीं गोरखपुर से कोच्चिवैली जानेवाली राप्तीसागर एक्सप्रेस नंबर 12511 भी एक घंटा देरी से पहुंची। स्टेशन अधीक्षक एसके खरे का कहना है कि ट्रेन देरी से आई। (संवाद)