जिले में अवैध खनन की जड़ों को पर्त दर पर्त खंगालने के लिए गुपचुप तरीके से सीबीआई टीम यहां पहुंची। अधिकारियों ने मुहाना व बंधौली मौरंग घाटाें पर मौके पर जाकर जायजा लिया और ग्रामीणाें से बातचीत भी की। सूत्रों के अनुसार टीम को जिले में मौरंग खनन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी मिली हैं। पिछले दो दिनाें से सीबीआई की टीम ने हमीरपुर में डेरा डाल रखा था।
शनिवार की देर शाम सीबीआई की टीम ने वहां की खदानाें में अवैध खनन को देख जालौन की ओर भी रुख कर दिया। सीबीआई टीम के आने की सूचना पर मौरंग माफियाआें में हड़कंप मच गया। वह एक दूसरे से टीम आने की जानकारी करते रहे। उधर, बंधौली निवासी ग्रामीणों का कहना है कि कोऊ साहब तो आए थे, पूछ रहे थे कि कब से मौंरग नदियों से नहीं निकली और पहले कैसे निकाली जाती थी। सपा सरकार में जिले का सिंडीकेट चलाने वाला शहर से भाग गया।
बताते चलें कि बसपा व सपा की सरकाराें में जिले में जमकर अवैध खनन किया था। इसमें पुलिस, प्रशासन से लेकर थानेदार तक की मिली भगत रहती थी। इससे सीबीआई आने से लोगों में हडकंप मचा हुआ है। टीम के आने की भनक प्रशासन को नहीं हुई।