उरई से कानपुर जा रही एक यात्री ट्रेन आटा स्टेशन के पास मवेशियों से टकरा
गई। इससे ट्रेन का इंजन फेल हो गया। इसकी जानकारी रेलवे अधिकारियों को दी
गई। इसके बाद मालगाड़ी का इंजन लगाकर ट्रेन को रवाना कर दिया गया। इस हादसे
से करीब दो घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा। इसके चलते करीब आधा दर्जन
ट्रेनें प्रभावित हुईं।
ग्वालियर से बरौनी जाने वाली छपरा मेल रविवार की
शाम करीब चार बजे उरई स्टेशन से कानपुर के लिए रवाना हुई थी। उरई से करीब
15 किलोमीटर दूर आटा स्टेशन पहुंचने पर ट्रेन ट्रैक पर आए मवेशियों से टकरा
गई। इससे ट्रेन का इंजन फेल हो गया और वह जहां की तहां रुक गई। हादसे की
जानकारी ट्रेन के ड्राइवर ने आलाधिकारियों को दी। ट्रेन का इंजन फेल होने
की
खबर से रेलवे अधिकारी हरकत में आ गए। आनन फानन में वह मौके पर पहुंचे और
आटा स्टेशन पर खड़े एक मालगाड़ी के इंजन को ट्रेन में लगाकर उसे कानपुर के
लिए रवाना कर दिया। इस हादसे के कारण दो घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा।
इसके चलते करीब आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित होने की खबर है। इस बारे में
उरई स्टेशन मास्टर का कहना है कि हादसा बड़ा नहीं था। इंजन बंद हो गया था।
मालगाड़ी का इंजन लगाकर ट्रेन को रवाना कर दिया गया है।