जालौन। गोतस्करी और पशु क्रूरता के आरोप में वांछित चल रहे आरोपी को कोतवाली पुलिस ने चुंगी नंबर चार पर कहीं बाहर भागने की फिराक में पकड़ा है। पुलिस ने वांछित को न्यायालय में पेश किया है।
आठ सितंबर 2025 की सुबह लौना रोड पर एक डीसीएम में 14 गोवंशीय पशुओं को तस्करी के लिए बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की ओर ले जाया जा रहा था। पशुओं को क्रूरतापूर्वक डीसीएम में बांधा गया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लौना रोड पर पेट्रोल टैंक के समीप डीसीएम को पकड़कर जब उसकी तलाशी ली थी तो उसमें से पुलिस ने 14 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया था।
पुलिस ने मौके से इटावा के बकेवर के पुरावली दरवाजा निवासी इब्राहीम व सलमान को तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। दो लोग मौके का फायदा उठाकर भाग निकले थे। मामले में भागे हुए आरोपी छानी खास निवासी छविराम को 16 सितंबर 2025 को गिरफ्तार कर लिया था।
मामले में चौथा आरोपी तेज सिंह निवासी बकेवर, लखना जिला इटावा अभी भी फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। रविवार की सुबह एसआई शिवम सेंगर को सूचना मिली कि वांछित चुगी नंबर चार पर कहीं बाहर भागने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। (संवाद)