कालपी। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुलौली में खेत की तारबंदी में अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित किए जाने से एक गोवंश की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बिजली चोरी समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुलौली निवासी नफीस बेग ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी गाय को चरने के लिए छोड़ा था। इस दौरान गाय गांव निवासी शेख मुहम्मद के खेत के पास पहुंच गई, जहां फसल की सुरक्षा के लिए लोहे के तार लगाए गए थे। आरोप है कि उन तारों में अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित किया गया था। तार के संपर्क में आते ही गाय करंट की चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने गाय के शव का पोस्टमार्टम कराया और उसके बाद शव को दफना दिया। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी शेख मुहम्मद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।