कदौरा। नगर के सीर मोहल्ला स्थित हाईवे किनारे खुले में रखे ट्रांसफार्मर की चपेट में आकर एक गोवंश की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की।
बताया गया कि हाईवे पर एक निजी अस्पताल के सामने बस्ती के पास जमीन पर ट्रांसफार्मर रखा है जिसके तार खुले पड़े हैं। रविवार को एक गोवंश ट्रांसफार्मर के करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आसपास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते तब तक गोवंश की माैत हो चुकी थी।
घटना से नाराज राजवीर, रामजी, सुरेश, कृष्णा, बृजेंद्र समेत अन्य लोगों ने बताया कि इस खुले ट्रांसफार्मर के कारण पहले भी गोवंश हादसे का शिकार हो चुके हैं, लेकिन विभाग ने कोई स्थायी समाधान नहीं किया। उन्होंने आशंका जताई कि पास में बस्ती होने के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। विद्युत विभाग के जेई मिठाई लाल ने बताया कि ट्रांसफार्मर के चारों ओर चबूतरा बनवाकर उसे सुरक्षित करने के लिए पत्र भेजा गया है। जल्द ही आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।