सरावन में खेतों में फसल चटते मवेशी
- फोटो : ORAI
सरावन। अन्ना मवेशियों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। किसानों को अभी से ही रात रात भर खेतों की रखवाली करनी पड़ रही है। किसानों की जरा सी चूक मवेशियों को मौका दे देती और देखते ही देखते मवेशी पूरी फसल चट कर रहे हैं। सरावन के मड़ोरी गांव में खेत में घुसे अन्ना मवेशियों ने सोमवार की देर रात एक बार फिर आठ बीघा मटर व गेहूं की फसल को चट कर लिया। आक्रोशित किसानों का कहना है कि दूसरे गांव के पशु पालक अपने मवेशी हांककर छोड़ जाते हैं।
सोमवार की देर रात मड़ोरी निवासी किसानों प्रयाग सिंह की एक बीघा हरी मटर, रमेश सिंह की एक बीघा गेहूं, लोकेंद्र सिंह एक बीघा हरी मटर, भवानी सिंह, राघवेंद्र सिंह, समर बहादुर, आलोक चौबे की एक-एक बीघा सफेद मटर की फसलों को अन्ना जानवर चरने के साथ साथ पैरों से रौंद कर खराब कर गए। किसानों ने आरोप लगाया कि हदरूख के किसान मड़ोरी मौजा में रात में जानवर हांक कर खेतों में कर जाते हैं।
जबकि मड़ोरी गांव के अन्ना जानवर गोशाला में बंद रहते हैं। प्रधान चंद्रपाल सिंह का कहना है दूसरे गांव के लोग मवेशी हांक रहे हैं, इससे ग्रामीणों के बीच टकराव की स्थिति बन रही है, यदि जल्द ही पुलिस व प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की तो किसी भी दिन बड़ा मामला हो सकता है। वहीं गोहन पुलिस का कहना है कि यदि कोई लिखित शिकायत मिलती है तो पशु पालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।