जालौन। सूने घर का ताला तोड़कर चोरों ने 15 हजार रुपये सहित लगभग एक लाख रुपये के जेवर पार कर ले गए। पीड़ित गृहस्वामी ने चोरी की सूचना कोतवाली में दी। चौकी प्रभारी ने मौके का मुआयना कर चोरों की तलाश शुरू की।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पहाड़पुरा निवासी सुनील कुमार मोहल्ला काशीनाथ में रमेश निरंजन के मकान में किराये पर कमरा लेकर रहते हैं। सोमवार को वह अपने परिवार सहित घर में ताला लगाकर अपने गांव पहाड़पुरा चले गए थे। रात में चोर सूने घर का ताला तोड़कर कमरे में घुस गए। वहां रखे बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे 15 हजार रुपये सहित मंगलसूत्र, झुमकी, कान के कुंडल, पायल व एक गैस सिलेंडर चोरी कर लिया। सुबह जब मकान मालिक ने कमरे का ताला टूटा देखा तो सुनील कुमार को सूचना दी। जालौन आकर सुनील कुमार ने कोतवाली पुलिस को कमरे में हुई चोरी के बारे में जानकारी दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी विकास जादौन ने मौके पर पहुंचकर मौके का मुआयना किया एवं चोरों की तलाश शुरू की।
उधर, कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रावतान निवासी देवकुंवर पत्नी सेवाराम उरई में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए गई थीं। मंगलवार की दोपहर वह बस से जालौन आकर बस स्टैंड पर उतरीं। उनके साथ पांच बैग भी थे। उन्होंने घर पहुंचने के लिए ई रिक्शा किराये पर लिया। महिला का आरोप है कि ई रिक्शा में बैग रखते समय चार बैग ही निकले। एक बैग को ई रिक्शा चालक ने कहीं गायब कर दिया। महिला ने इसकी सूचना कोतवाली में दी। महिला की सूचना पर पुलिस ने ई रिक्शा चालक को कोतवाली में बैठाकर उससे पूछताछ शुरू की।