उरई। शहर के बाहर हाईवे पर स्थित रिसोर्ट में पहुंचे कार सवारों ने गार्ड सेे जबरन खाना बनवाने को कहा। गार्ड के मना करने पर कार सवारों ने फायरिंग शुरू कर दी। सूचना पाकर सीओ सिटी संतोष कुमार व शहर कोतवाल शिवगोपाल सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तब तक फायरिंग करने वाले वहां से भाग चुके थे। रिसोर्ट के गार्ड ने पुलिस को तहरीर दे दी। रिसोर्ट संचालक ने एसपी से मिलकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
शहर कोतवाली क्षेत्र के राठ रोड हाईवे स्थित विजय विक्रम रिसोर्ट पर रविवार रात पहुंचे कार सवारों ने खाना मांगा। जिस पर वहां मौजूद गार्ड संग्राम अहिरवार ने कहा कि लॉकडाउन के चलते रिसोर्ट बंद चल रहा है। मगर कार सवार जबरन खाना बनवाने की बात पर अड़ गए। जिससे कहासुनी होने लगी। इसके बाद कार सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। जिससे वहां अफरा तफरी मच गई।
गार्ड ने किसी तरह भागकर जान बचाई और पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस पहुंची तब तक हमलावर भाग गए थे। गार्ड ने आधा दर्जन लोगों के खिलाफ तहरीर कोतवाली पुलिस को दी। वहीं रिसोर्ट संचालक सुरेंद्र व टिंकू मौखरी ने एसपी सतीश कुमार से मिलकर आरोपियों पर कार्रवाई किए जाने की मांग की। कोतवाल का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला है कि फायरिंग नहीं हुई है वहां खड़े ट्रकों के वजह से कार नहीं निकल पाने पर विवाद हुआ है। जांच की जा रही है।