कालपी। मदारी रोड पर रविवार को कार ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिजनों ने कार चालक पर कार्रवाई की मांग करते हुए जोल्हूपुर-मदारीपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। एसडीएम व बीडीओ ने पहुंचकर लोगों को समझाया, तब कही दो घंटे बाद जाम खुल सका। चालक कार छोड़कर मौके से भाग गया है।
हमीरपुर जिले के बांदुर गांव निवासी हिरवा पाल का पुत्र सुरेंद्र कुमार (14) कई वर्षो से कालपी कोतवाली क्षेत्र के इमिलिया बांध गांव निवासी फूफा विनोद के यहां रहकर कक्षा आठ में पढ़ाई कर रहा था। रविवार सुबह वह दोस्तों के बुलाने पर फूफा की बाइक लेकर निकल आया। एक ही बाइक पर महोबा के अजनर थाना क्षेत्र के मगरिया गांव निवासी राज (14), कोमल (12), मरदान (13) को लेकर जोल्हूपुर की ओर निकल पड़े। जैसे ही बाइक मदारी रोड पर पहुंची कि सामने से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे एक ही बाइक में सवार चारों लोग सड़क पर गिर गए। हादसे में बाइक चला रहे सुरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। घायलों को उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जानकारी मिलने पर सुरेंद्र के परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए जोल्हूपुर-मदारीपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानें।
सूचना पर एसडीएम अतुल कुमार, सीओ एके सिंह, बीडीओ संदीप कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने कहा कि जब से उनका गांव बसा है, आज तक पक्की सड़क नहीं है। बरसात के समय में चारपाई पर रखकर मरीज को ले जाना पड़ता है।
मृतक को मुआवजा दिलाया जाए और घायलों को सही तरीके से इलाज हो। एसडीएम ने उन्हें आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर ग्रामीणों ने जाम खोला। पिता हिरवा ने बताया कि पत्नी चिनुबाई का देहांत हो जाने से सुरेंद्र फूफा के पास करीब दस वर्ष से रह रहा था। बुआ सुनीता उसे बेटे जैसे रखती थी। हादसे ने उनकी पूरी खुशियां छीन लीं। सीओ एके सिंह ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाक की जा रही है। हेलमेट नहीं लगाए थे।