फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jalaun News: कार में लगी आग, जिंदा जला आदमी, दर्दनाक मौत, शिनाख्त में जुटी पुलिस

Thu, 08 Feb 2024 12:14 AM IST
कानपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालौन
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन
उरई में शहर कोतवाली क्षेत्र में रहस्यमयी ढंग से एक व्यक्ति की कार में जिंदा जलकर मौत हो गई। कार बस स्टैंड के पास खड़ी थी। आधी रात को जो व्यक्ति मरा है, उसका वाहन से कोई संबंध नहीं था। गाड़ी मालिक ने गाड़ी सही होने के लिए मैकेनिक के यहां खड़ी की थी। शव की शिनाख्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन


ललितपुर जिले के रहने वाले शैलू ने अपनी कार शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला इंदिरानगर निवासी राजकुमार को कुछ समय पहले बेच दी थी। करीब 15 दिन पहले कोहरे के कारण कार डिवाइडर से टकरा गई थी। वाहन के नए मालिक ने शहर के कालपी बस स्टैंड के पास स्थित एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में कार को सही करने के लिए भेजा था। मंगलवार की रात कार दुकान के सामने ही खड़ी थी। आधी रात करीब 12 बजे के बाद उसमें आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई।

आसपास के लोगों ने जब देखा तो फौरन दमकल को सूचना दी। पुलिस और अग्निशमन विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंचीं। जलती कार में एक व्यक्ति भी बैठा दिख रहा था। लिहाजा आग को जल्द बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन बुझने के बाद कार में बैठा व्यक्ति मृत पाया गया। उसका शरीर करीब 70 फीसदी तक जल चुका था। गाड़ी मालिक से संपर्क किया गया और मैकेनिक से भी पूछताछ की गई, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव मार्चरी में रखवाया है।
विज्ञापन


इस दुर्घटना में आग लगने की वजह पुलिस नहीं बता सकी है, लेकिन माना जा रहा है कि व्यक्ति कार चोरी करने के इरादे से खिड़की के जरिए अंदर घुसा था। डिवाइडर से दुर्घटना के दौरान पेट्रोल के छीटें गाड़ी के कुछ हिस्सों पर गिरे थे। पुलिस एक्सपर्ट बता रहे हैं कि यदि चोरी करने के इरादे से बिना चाबी के उसने कार चालू करने की कोशिश की होगी तो उसकी चिंगारी से पेट्रोल ने आग पकड़ ली होगी।

इसका दूसरा कारण सीसीटीवी फुटेज को देखकर यह सोचा जा रहा कि सीसीटीवी में व्यक्ति लड़खड़ाता नजर आ रहा है। रात के समय में खिड़की खुली देख वह कार में ही नशे की हालत में सोने के विचार से घुसा होगा। उसने बीड़ी या सिगरेट जलाने के लिए माचिस या लाइटर का प्रयोग किया होगा और उसी दौरान आग की यह घटना हो गई होगी। नशे की वजह से वह फौरन बाहर भी नहीं आ सका और उसकी जलकर मौत हो गई। हालांकि एक एंगल हत्या को लेकर भी सोचा जा रहा है, लेकिन शिनाख्त न होने से पुलिस का कोई भी एंगल स्पष्ट नहीं हो रहा है।

सीओ सिटी गिरिजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे में व्यक्ति लड़खड़ाता हुआ खिड़की के जरिए कार में प्रवेश करता दिख रहा है। वह अकेला है और उसके बाद कोई कार के पास नजर नहीं आया। आग लगने के बाद कार से बाहर भी कोई नहीं आया। शिनाख्त के बाद गुत्थी को सुलझने में आसानी होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें