हादसे के बाद गड्ढे में पलटा आटो
- फोटो : ORAI
कदौरा (जालौन)। कार और ऑटो लोडर में शुक्रवार को जोरदार टक्कर हो गई। डिवाइडर से टकराकर ऑटो लोडर गड्ढ़े में पलट गया। हादसे में उसमें सवार पांच सवारियां घायल हो गईं। वहीं घटना के बाद कार का चालक मौके से भागने लगा तो स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पीट दिया। बाद में पुलिस के सुपुर्द कर दिया। उधर, घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया गया। इनमें एक को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
शुक्रवार सुबह हमीरपुर की ओर से आ रही कार ने टमाटर लाद कर कदौरा बाजार आ रहे ऑटो लोडर में टक्कर मार दी। गाड़ी में बैठे अनिल, गोविंद, मेवालाल निवासी सरसई थाना कुरारा, चालक महेंद्र निवासी कुरारा व वीर सिंह निवासी डामर कुरारा घायल हो गए। अनिल की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का उपचार सीएचसी में चल रहा है। बताया जाता है कि ऑटो लोडर कदौरा सब्जी मंडी जा रहा था। उसमें टमाटर भी लदे थे। अचानक सामने से अन्ना मवेशियों के आने से ब्रेक लगा दिया था। इस पर पीछे से कार ने टक्कर मार दी। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घायलों का इलाज सीएचसी में चल रहा है
उरई संवाद के अनुसार, बाजार सामान लेने पैदल जा रही महिला को सड़क पार करते समय कार ने टक्कर मार दी। सड़क पर गिरकर महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उधर, चालक कार लेकर मौके से भाग गया। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चुर्खी बाइपास निवासी विमला देवी (50) शुक्रवार की दोपहर घर से पैदल बाजार जा रही थी। जिला परिषद तिराहे के पास कार ने सड़क पार करते समय उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह लहूलुहान हो गईं। आसपास के दुकनदारों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी।